धामपुर। राष्ट्रीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं का अधिशासी अभियंता कार्यालय पर धरना जारी है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि अधिकारियों ने 20 अप्रैल तक समस्या निदान का भरोसा दिया है। मांग पूरी नहीं हुई तो 21 अप्रैल को एक्सईएन कार्यालय की तालाबंदी कर अधिकारियों का घेराव होगा।
राकियू के जिला प्रभारी सुनील कुमार तोमर विनीत चिकारा ने बताया कि मंडावर-बादशाहपुर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क का निर्माण हुआ था। सड़क के दोनों तरफ पटरी बिछाई गई थी। लेकिन कुछ लोगों ने एक तरफ की पटरी को उखाड़ करीब 500 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछा ली, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। गहरे गड्ढे होने से दिक्कत हो रही है। समस्या समाधान की मांग को लेकर डीएम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया था, जब कोई निष्कर्ष नहीं निकला तो 6 अप्रैल से लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना देने को विवश होना पड़ रहा है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि दो दिन पहले अधिशासी अभियंता ने भरोसा दिया था कि 21 अप्रैल को मांग को पूरा कर देंगे। रजत मलिक, अर्जुन सालान आदि ने मंगलवार को कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में दस बजे अधिशासी अभियंता कार्यालय पर पहुंचने की अपील की है। वह अधिशासी अभियंता कार्यालय में तालाबंदी कर अधिकारियों का घेराव करेंगे। समाधान होते ही धरना स्थगित कर दिया जाएगा। विनीत चिकारा, सुनील तोमर, अर्जुन सालान, रजत मलिक, हुकम सिंह, जयप्रकाश चौधरी, वसीम अहमद, सबलू प्रधान, अमित राणा, करणवीर सिंह, रियासत अली, फरमान अली, विजेंद्र सिंह, सुनील तोमर, मेहुल लांबा आदि शामिल रहे।
वहीं अधिशासी अभियंता सुशील कुमार का कहना है कि विभाग द्वारा आरोपियों को 14 दिन का नोटिस जारी किया गया था, लेकिन अभी तक आरोपियों की ओर से नोटिस का कोई भी जवाब नहीं दिया गया। जिलाधिकारी को अवगत कराने के बाद समस्या समाधान कराने का प्रयास होगा।