बिजनौर। यूपी बोर्ड के स्कूलों में दसवीं तथा बारहवीं में दाखिला लेने तथा बोर्ड परीक्षा की फीस जमा करने का आज आखिरी दिन है। जिले में 25 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने अभी तक फीस जमा नहीं की है। फीस नहीं देने पर ये छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय छात्रों से बोर्ड परीक्षा शुल्क जमा कराने के लिए विद्यालयों को लगातार निर्देश जारी कर रहा है। छात्र फीस जमा नहीं कर रहे हैं। वित्त विहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्य अजब सिंह, जितेंद्र सिंह आदि का कहना है कि शिक्षक छात्रों से घर-घर जाकर संपर्क कर रहे हैं। ग्रामीण स्कूलों में 50 प्रतिशत फीस आई है। अभिभावकों से केवल बोर्ड फीस जमा करने तथा बाकी फीस किस्तों में देने को कहा जा रहा है। जिले में 387 विद्यालय हैं। इनमें वित्त विहीन विद्यालय 250 से अधिक हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अनुसार शैक्षिक सत्र 2019-20 में कक्षा नौ में 50742 तथा कक्षा ग्यारह में 39444 छात्र-छात्राएं कुल 90176 पंजीकृत थे। शासन ने कोरोना महामारी के कारण सभी छात्रों को जनरल प्रमोशन दिया है। अभी तक करीब 75 प्रतिशत छात्रों की बोर्ड फीस आई है।
वर्जन
दो बार बढ़ चुकी है अंतिम तारीख
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि दाखिला लेने तथा बोर्ड परीक्षा फीस जमा करने की आखिरी तारीख 31 अगस्त है। शासन से तारीख बढ़ने की कोई सूचना नहीं है। शासन से फीस जमा करने की तारीख दो बार बढ़ी है। विद्यालयों के प्रधानाचार्य छात्रों की बोर्ड फीस नहीं आने को लेकर बेचैन हैं।