कालागढ़। पुराना कालागढ़ में हेड़िया बस्ती के पीछे सूखासोत में बाघ की चहलकदमी से आबादी में दहशत का माहौल है। वन विभाग के गश्ती दल मौके से नदारद रहते हैं।
कार्बेट टाइगर रिजर्व की सीमा पर स्थित इस्लामनगर पंचायत के पुराना कालागढ़, भिक्कावाला, जामनवाला, हेड़िया बस्ती में बाघ सक्रिय है। हेड़िया बस्ती के पीछे सूखासोत में सांझ ढलते ही बाघ चहलकदमी करने लगता है। पुराना कालागढ़ निवासी शमशुद्दीन अंसारी, आरिफ अंसारी, फय्याज अहमद अंसारी, मोहम्मद शानू आदि का कहना है कि सूखासोत में बाघ को देखा गया। अचानक बाघ की गुर्राहट व बंदर कुत्तों की आवाज होने लगी। इससे लोगों में दहशत का माहाैल है।
घर से बाहर सूखा सोत की तरफ टार्च की रोशनी में देखा कि बाघ सोत में विचरण कर रहा था, जबकि यहां से राहगीर गुजरते हैं। पास में ही पुराना कालागढ़ व हेड़िया बस्ती के घर मौजूद हैं। वन विभाग के गश्ती दल गायब रहते हैं। वन विभाग को चाहिए कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन चौकी स्थापित कर गश्ती दल तैनात किए जाएं।