बाघ ने गाय को निवाला बनाया
अफजलगढ़। गांव कल्लूवाला में पशुशाला में बंधी एक गाय को बाघ ने निवाला बना डाला। लोगों के शोर मचाने पर बाघ जंगल की ओर चला गया। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
गांव निवासी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि उसकी पशुशाला में उसकी गाय बंधी हुई थी। रात डेढ़ बजे के करीब बाघ ने पशुशाला में घुसकर उसकी गाय पर हमला कर मार डाला। पशुशाला से आवाज आने पर एकत्र हुए ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीण ओमप्रकाश, महावीर सिंह, विक्रम सिंह, सतेंद्र शर्मा, बलदेव शर्मा, वीर सिंह व सुखवीर सिंह का कहना है कि आए दिन जंगली जानवर बस्ती में आ जाते हैं और उनकी फसल को बर्बाद कर देते हैं और पशुओं को निवाला बना लेते है। जंगली जानवरों के बस्ती के बीच आने से ग्रामीणों में भय बना रहता है। ग्रामीणो ने पीड़ित व्यक्ति को गाय का मुआवजा दिलाने की मांग की है ।उधर इस सबंध में रेंजर राकेश शर्मा ने आवश्यक कार्रवाई किये जाने की बात कही है।