समझौते के दौरान फिर हुआ दोनों पक्षों में पथराव
बेगावाला। एक ही समुदाय के दो पक्षों में हुए दो दिन पहले हुए विवाद में शनिवार को समझौता वार्ता के दौरान फिर जमकर पथराव हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां भांजकर लोगों को तितर-बितर किया और मामला शांत कराया।
बृहस्पतिवार को गांव काजीवाला में इसरार और अबरार पक्ष में पुरानी रंजिश के चलते झगड़ा हो गया था। दोनों ओर से हुए पथराव में आठ लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले में पांच लोगों का शांति भंग में चालान किया था। शनिवार सुबह दोनों पक्ष समझौते को राजी हो गए थे। समझौते के दौरान किसी बात पर दोनों ओर से फिर से पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लाठियां भांजकर मामला शांत कराया। आरोपी फरार हो गए। उधर गांव निवासी वृद्ध शब्बीर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। गांव में अफवाह फैल गई की शब्बीर की मौत झगड़े में हुई है। बेगावाला चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि शब्बीर की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। मामले में जांच की जा रही है।