टिकट के दावेदार भीड़ जुटाकर किया शक्ति प्रदर्शन
चांदपुर(बिजनौर)। गुलाब सिंह हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय चांदपुर के मैदान से भाजपा की जनविश्वास यात्रा में भाजपा नेता और टिकट के दावेदार भीड़ जुटाने में लगे रहे।
चांदपुर विधान सभा से भाजपा के टिकट के दावेदार विकास गुप्ता उर्फ रॉकी, धनौरा नगरपालिका चैयरमेन राजेश सैनी, विहिप के विभागाध्यक्ष कपिल चौधरी, प्रमोद सैनी सूर्या, भगवंत ग्रुप के चेयरमैन डॉ.अनिल सिंह, अरविंद कुमार उर्फ पप्पू चैयरमेन भीड़ के साथ रोड शो के रूप में कार्यक्रम स्थल पहुंचे। कार्यक्रम में टिकट के दावेदारों के समर्थक डीजे व ढोल नगाड़े के साथ भारी भीड़ लेकर सभा स्थल पहुंचे। वहीं वर्तमान भाजपा विधायक कमलेश सैनी भी भारी समर्थकों के साथ कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटाने में कामयाब रही।
सभा के खत्म होते ही जाम हो गई सड़क
चांदपुर। भाजपा के जनविश्वास यात्रा शुभारंभ और जनसभा के समापन के समय सड़क पर जाम हो गई। पुलिस प्रशासन ने व्यवस्था बनाते हुए ज्यादा समय तक जाम नहीं लगने दिया। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था बनाने के लिए बिजनौर-बदायूं हाईवे छावनी में तब्दील रहा। भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
गाना बजते ही झूमने लगे लोग
चांदपुर। जनविश्वास यात्रा शुभारंभ कार्यक्रम में सभा स्थल पर योगी गीत बजने पर वहां का माहौल योगीमय हो गया। समर्थक खड़े होकर झूमने लगे।
कवाल के जख्मों को कुरेदा
चांदपुर। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान अपने संबोधन में मुजफ्फरनगर जिले के कवाल के जख्मों को कुरेदा। उन्होंने सपा सरकार में कवाल में हुई घटना का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश के लोग उस घटना को कभी भूलेंगे नहीं।
टाइम लाइन
1:37 बजे जनसभा शुरू हुई
2:46 बजे लोग उठने लगे तो उन्हें रोकने की अपील की गई
2:56 बजे आसमान में दिखा केंद्रीय मंत्री का हेलिकॉप्टर
3:09 बजे मंच पर पहुंचे नितिन गडकरी और केशव प्रसाद मौर्य
3:15 बजे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शुरू किया भाषण
3:23 बजे केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी ने शुरू किया
3:50 बजे केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी का भाषण समाप्त
3:57 बजे जनविश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाई, फिर उसमें सवार हो गए
4:16 बजे दोनों नेताओं का हेलिकॉप्टर उड़ गया