चांदपुर में गुलाब सिह डिग्री कॉलेज में भाजपा की जन विश्वास यात्रा जनसभा को संबोधित करते केंद्री?
- फोटो : BIJNOR
सपा सरकार में दंगे, बसपा शासन में सिसौली पहुंची पुलिस : संजीव बालियान
बिजनौर। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि सपा सरकार में दंगों की शुरुआत होती थी और बसपा शासन में मुकदमे दर्ज कर पुलिस सिसौली तक पहुंच गई। उन्होंने बिना नाम लिए एक अन्य पार्टी को भी घेरने का प्रयास किया।
चांदपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए संजीव बालियान ने कहा कि साल 2017 से पहले प्रदेश में सड़क, बिजली और पानी नहीं था। गड्ढे तक नहीं भर पाए थे। बसपा और सपा की सरकार में जमकर लूट हुई। बसपा सरकार में मुकदमे दर्ज कर सिसौली तक पुलिस पहुंच गई थी। वहीं सपा की सरकार में दंगों की शुरुआत हुई थी। थाने और जिले बिकते थे, एसपी और डीएम जिला खरीद कर पोस्टिंग कराते थे। गुंडे ही थाने चलाया करते थे।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग अखिलेश को वोट दिलाना चाहते हैं, कहा कि गठबंधन की सरकार में मुख्यमंत्री तो अखिलेश ही बनेगा। गठबंधन की ओर से जो वोट मांगने आएं उनसे पूछना कि सीएम कौन बनेगा। आजम खां के कहने पर मुजफ्फरनगर में दंगे के अपराधी छोड़े गए थे। क्या गठबंधन को वोट देकर आजम खां को लाना चाहते हो। एक नेता का नाम लिए बगैर कहा कि एक बड़े नेता कहते थे कि जिस गाड़ी पर सपा का झंडा, उस गाड़ी में बैठा है गुंडा। कहा कि वो नेता आज हमारे बीच नहीं रहे। कहा कि अखिलेश को पता है कि सीधी वोट नहीं मिलेगी, इसलिए गठबंधन किया है।