बिजनौर में शरारती तत्वों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पेंटिंग पर स्याही फेंककर उसे बदसूरत कर दिया। सुबह जब लोगों ने इसे देखा तो रोष फैल गया। आनन-फानन में पेंटिंग को दोबारा बनाने का काम शुरू किया गया।
स्वतंत्रता दिवस पर नुमाइश चौक से विकास भवन तक के मार्ग को स्वच्छता पथ घोषित किया गया है। इसके अंतर्गत स्वच्छता पथ के दोनों ओर सरकारी भवनों की दीवारों पर पेंटिंग का काम शुरू हुआ। इसके लिए प्रशासन ने वाराणसी, उडीसा और मेरठ आदि स्थानों से कलाकारों को बुलाया है। इसके साथ ही पेंटिंग बनाने की जिम्मेदारी बिजनौर शहर की दस किलोमीटर की परिधि में आने वाले डिग्री, टेक्निकल तथा इंटर कॉलेजों के आर्ट टीचर व छात्र-छात्राओं को सौंपी गई। जीआईसी बिजनौर के कला शिक्षक ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व छात्रों ने राजकीय इंटर कॉलेज बिजनौर के भवन की दीवार पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पेंटिंग बनाई थी। बुधवार रात मेें शरारती तत्वों ने गांधी जी की पेेंटिंग पर स्याही फेंककर बदसूरत कर दिया। सुबह जब लोगों ने पेंटिंग को देखा तो रोष फैल गया। बाद में जीआईसी के प्रधानाचार्य दिनेश चौहान न कला टीचर ओमप्रकाश सिंह को भेजा। अब पेंटिंग को दुबारा तैयार कराया जा रहा है। उधर, सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार शरारती तत्वों पर नजर रखी जाएगी ताकि आगे ऐसा कुछ भी न किया जाए।