ग्राम प्रधान पद के लिए तीन ने किया नामांकन
नजीबाबाद। ग्राम पंचायत हुकूमतपुर केशो उर्फ गांवड़ी में प्रधान पद के उप चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। तीन महिला प्रत्याशियों ने ग्राम प्रधान पद के लिए नामांकन कराए हैं।
ग्राम पंचायत हुकूमतपुर केशो उर्फ गांवड़ी की ग्राम प्रधान शिक्षा देवी की भोजन में विषैला पदार्थ खिलाने से 30 जून को मृत्यु हो गई थी। चुनावी रंजिश के मामले में ग्राम प्रधान की हत्या मामले में परिजनों ने कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायत उप चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत हुकूमतपुर केशो ग्राम प्रधान पद की आरक्षित सीट के लिए उप चुनाव 20 दिसंबर को होगा।
आरओ बीईओ इशकलाल, एआरओ एडीओ कृषि श्याम सिंह की देखरेख में नामांकन प्रक्रिया रविवार को शुरू हुई। सीओ गजेंद्र पाल सिंह, एसएसआई राजीव चौधरी की उपस्थिति में तीन महिलाओं ने ग्राम प्रधान पद के लिए नामांकन किया है। 14 दिसंबर को नाम वापसी है। 20 दिसंबर को मतदान के बाद 21 दिसंबर को ड्वाकरा हॉल में मतगणना संपन्न होगी। नजीबाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत के रिक्त सदस्य पद के लिए भी रविवार को नामांकन कराए गए। अधिकांश रिक्त पदों पर एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन कराया है।