नगीना में रोडवेज बस व बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार रोडवेज चालक सहित तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगाए थे। घटना के बाद आरोपी चालक बस सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पीएचसी भिजवाया। आरोपी चालक को दबोचने के लिए पुलिस ने मंझौड़ा चौकी के पास चेकिंग अभियान शुरू किया।
बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे नगीना-धामपुर मार्ग पर गैस गोदाम के सामने धामपुर की ओर जा रही रोडवेज बस और बाइक की भिड़ंत हो गई। बाइक पर तीन युवक सवार थे और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस ने तीनों युवकों को बुरी तरह कुचल दिया और आरोपी चालक बस सहित मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने मृतकों के कपड़ों की तलाशी ली तो दो युवकों की जेब से ड्राइविंग लाइसेंस मिले। ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर एक युवक की शिनाख्त मनोज कुमार पुत्र रामपाल सिंह निवासी रामगंगा कॉलोनी धामपुर तथा दूसरे की भीम सिंह पुत्र हरि सिंह निवासी गांव मौजमपुर जैतरा धामपुर के रूप में हुई। राहगीरों ने तीसरे युवक की शिनाख्त नगीना के गांव कोटरा निवासी राजीव कुमार पुत्र ऋषिपाल के रूप में करते हुए उसके परिजनों को सूचित किया। कोतवाल जसपाल सिंह ने शवों को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए पीएचसी भिजवाया। राजीव के परिजनों ने पीएचसी शिनाख्त की। राजीव नजीबाबाद डिपो में चालक था। राजीव की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। तीनों युवकों की आयु करीब 30 साल है।
बाइकों की टक्कर में दो युवक मरे
नजीबाबाद में नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। मृतकों में एक नजीबाबाद तथा दूसरा कोटद्वार निवासी युवक शामिल है। सूकरो नदी के निकट आमने सामने की टक्कर में घायल बाइक सवारों को कोटद्वार के राजकीय संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया।। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर सूकरो नदी के निकट दो बाइक आमने-सामने टकराई गई। बृहस्पतिवार की शाम हुई टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जाफरा पुलिस ने घायलों को कोटद्वार के राजकीय संयुक्त चिकित्सालय पहुंचा। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतकों में नजीबाबाद के मोहल्ला जाब्तागंज निवासी सुपेंद्र सिंह यादव (35) तथा कोटद्वार के आमपड़ाव निवासी रिक्की (32) शामिल हैं। सूकरो नदी के निकट तेज रफ्तार बाइक आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवारो ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया।
युवकों की मौत की खबर से दोनों के परिवारों में मातम छा गया। पुलिस के अनुसार सुपेंद्र सिंह यादव के जेब से मिले कागजातों के आधार पर उसके होमगार्ड होने की पुष्टि होती है। कोटद्वार निवासी मृतक रिक्की नगरपालिका कोटद्वार में संविदा सफाईकर्मी बताया जाता है। दोनों मृतकों के शवों का पंचनामे के बाद कोटद्वार में पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की जा रही थी। बताया जाता है कि दोनों बाइक सवार बिना हेलमेट के थे अन्यथा उनकी जान बच सकती थी।
हादसे में कारी समेत दो जख्मी
नींदडू़। बृहस्पतिवार को बसेड़ा खुर्द के मदरसा तालीम उल कुरान में पढ़ाने वाले मुबारकपुर गढ़ी (स्योहारा) निवासी कारी मोहम्मद उस्मान आजम जो गांव के प्रधान भी हैं, बाइक द्वारा गांव से बसेड़ा खुर्द के लिए चले थे। मनकुआं से एक व्यक्ति लिफ्ट लेकर बाइक पर पीछे बैठ गया। करीब साढ़े नौ बजे पूर्वाह्न मनकुआं-अंथाईशेख चौराहे पर पहुंच कर कारी मोहम्मद उस्मान आजम ने बाइक रोक कर पीछे बैठे व्यक्ति को उतारा और सड़क पार कर बाइक को रोका लिया। इसी बीच नूरपुर दिशा से तेज गति से आ रही मोटरसाइकिल ने खड़ी बाइक में टक्कर मार दी।
दुर्घटना में प्रधान व कारी मोहम्मद उस्मान आजम जख्मी हो गए तथा बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि गांव जमना बसेड़ा से मोटर साइकिल पर आ रहे मोहम्मद साहिल को चोट लगी। हादसे के समय वहां से गुजर रहे लोगों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे तथा मरहम पट्टी कराकर मोहम्मद उस्मान आजम को अपने साथ गांव ले गए।