विवेक कॉलेज के पास दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहनों का देखती भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर। नूरपुर मार्ग स्थित विवेक कॉलेज के सामने एंबुलेंस और कार की भिड़ंत में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बृहस्पतिवार की सुबह जनपद बरेली निवासी सचिन कुमार (30), पत्नी मीनू (25) बरेली के ही कांशीधामपुर निवासी लोकेश कुमार (32) एंबुलेंस से मीनू का इलाज कराने के लिए मुजफ्फरनगर के गंगदासपुर जा रहे थे। जबकि कार सवार शुभम अग्रवाल (30), उस्मान (45) निवासी मोहल्ला जाटान बिजनौर किसी काम से नूरपुर जा रहे थे। नूरपुर मार्ग स्थित विवेक कॉलेज के सामने एंबुलेंस और कार की भिड़ंत हो गई। कार में सवार उस्मान और एंबुलेंस में सवार मीनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सचिन, शुभम, लोकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहनों की स्पीड बहुत तेज थी। चालक वाहनों पर नियंत्रण नहीं कर आए, जिसके कारण हादसा हुआ। हादसे के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद तीनों घायलों को नाजुक हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दुर्घटना में घायल मैकेनिक की मौत
गजरौला शिव। एक सप्ताह पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल हुए मोबाइल टावर के मैकेनिक की जौलीग्रांट में उपचार के दौरान मौत हो गई। गांव निवासी सुशील कुमार 28 अगस्त की शाम को अफजलगढ़ स्थित मोबाइल टावर पर आई तकनीकी खराबी को दूर कर लौट रहा था। परिजनों के मुताबिक गांव खारी के सामने पहुंचा ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक देख उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया था। आराम न होने पर परिजनों ने उसे जौलीग्रांट के अस्पताल में भर्ती कराया था। बृहस्पतिवार को सुशील की उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक अपने पीछे पत्नी एवं चार पुत्रों समेत अन्य परिजनों को रोता बिलखता छोड़ गया।
सड़क हादसे में पिता की मौत, पुत्र घायल
नांगलसोती। बाइक से सामने अचानक माहा आने से बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान मेरठ में पिता की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल पुत्र का बिजनौर में उपचार जारी है। नांगलसोती के गांव जीतपुर निवासी बाबू अपने पुत्र दीपक को बाइक से छोड़ने रेलवे स्टेशन चंदक जा रहा था। खानपुर तिराहे पर बाइक में सामने अचानक माहा ने टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। दुर्घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को बिजनौर भेजा। 60 वर्षीय बाबू की स्थिति नाजुक होने पर मेरठ पर किया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।