बिजनौर में गन्ने का ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में ताऊ और भतीजे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एक ही परिवार में तीन मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गये। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस के आरोपी चालक को शीघ्र ही पकड़ने के आश्वासन पर लोगों को शांत किया।
नांगलसोती क्षेत्र के गांव जीतपुरखास निवासी सुरेश सिंह की पुत्री की शादी थी। उत्तराखंड के श्यामपुर स्थित मोहल्ला सजनपुर निवासी विजय सिंह, जय सिंह, हरीश कुमार, मंजीत कुमार, जसराम सिंह, सोनम रानी, योगेंद्र सिंह, हेमराज सिंह आदि ट्रैक्टर ट्राली से अन्य परिजनों एवं परिचितों के साथ भात देने सुरेश के घर आए थे। रविवार की देर रात सुरेश के भाती वापस अपने घर लौट रहे थे।
नांगल सोती-मंडावली मार्ग स्थित गांव जालपुर के सामने ट्रैक्टर ट्रॉली और गन्ने से भरे ट्रक में टकरा गई। हादसे में ट्रैक्टर ट्राली में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। मार्ग से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान जय सिंह (47), विजय सिंह (60), मंजीत (9) की मौत हो गई। जबकि सोनम (16), जसराम (40), हितेश, हेमराज और हरीश गंभीर रूप से घायल हो गए। एक ही परिवार में तीन लोगों की मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह के चालक को शीघ्र पकड़ने के आश्वासन पर जाम खोला गया।
बाइकों की भिड़ंत में दो की जान गई
नूरपुर में राजा का ताजपुर निवासी मंगल सिंह (68) सोमवार की दोपहर अपने पुत्र हेमराज सिंह उर्फ इद्दु के साथ बाइक द्वारा ग्राम गांवड़ी में अपनी रिश्तेदारी में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे गांव सुजातपुर टीकर के पास उनकी बाइक की एक अन्य बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में मंगल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका पुत्र हेमराज गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार गांव खासपुरा ऊमरी निवासी अमन (14) पुत्र तौफीक अहमद को भी काफी चोटे आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दोनो घायलों को पीएचसी पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनो को परिजन हायर सेंटर ले गए। रविवार की रात ब्लॉक तिराहे के पास बाइक पर सवार गांव अहीरपुरा निवासी लोकेंद्र सिंह उर्फ नन्हे (25) की ट्रक की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। लोकेंद्र नूरपुर में ही फोटोग्राफी की दुकान करता था। रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। ब्लॉक के पास पहुंचा तो पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया। ट्रक के पहिए से कुचलकर लोकेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
ट्रक की चपेट में आकर बालक की मौत
बिजनौर में हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव मुंढाल निवासी रिंकल सोमवार को डेढ़ वर्षीय पुत्र यश और अपने पिता चतर सिंह के साथ दवाई लेने बिजनौर आ रहे थे। गांव दारानगर के सामने पहुंचने पर उनकी बाइक अचानक ट्रक की चपेट में आ गई। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच घटनास्थल पर भीड़ लग गई। लोगों ने ट्रक को पकड़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह फरार हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां के चिकित्सकों ने यश को मृत घोषित कर दिया।