शाहजहांपुर से तीन प्रत्याशियों ने भरे नामांकन
नजीबाबाद। ग्राम पंचायत शाहजहांपुर के उपचुनाव में तीन प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। 12 जून को मतदान होगा। उधर, ग्राम पंचायत सदस्य के 846 पद के लिए बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए।
निर्वाचन अधिकारी जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी अजय कुमार, एडीओ पंचायत ऋषि कुमार की देखरेख में नजीबाबाद ब्लॉक की एकमात्र शाहजहांपुर ग्राम पंचायत और 846 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। ग्राम पंचायत शाहजहांपुर से निर्वाचित हुईं कुसुम देवी पत्नी मेहर सिंह की चुनाव परिणाम घोषणा के एक सप्ताह के भीतर मृत्यु हो गई थी। उपचुनाव में मृतक कुसुम के पुत्र अक्षय भारती सहित कुल तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। अन्य दो प्रत्याशियों में मनोज कुमारी और कामेंद्र सिंह शामिल हैं। नामांकन पत्रों की जांच, आपत्ति और चुनाव चिन्ह आवंटन सोमवार को आज संपन्न होगा। 12 जून को एकमात्र प्रधान पद और 846 पंचायत सदस्यों के लिए मतदान होगा। ब्लॉक की 131 ग्राम पंचायतों में से 82 ग्राम पंचायतों का कोरम पूरा न होने से प्रधान पद शपथ नहीं ले सके हैं।