इस बार गूगल मैप बताएगा मतदान केंद्र की लोकेशन
अचल चौधरी
बिजनौर। अबकी बार जिले में विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच नई पहल भी की जा रही है। जी हां, मतदान केंद्रों की सटीक लोकेशन गूगल मैप या जीपीएस भी मुहैया होगी। इसके लिए मतदान केंद्रों के अक्षांश और देशांतर गूगल पर अपलोड किए जा रहे हैं, जिससे बाहरी जिलों से आने वाली फोर्स को सटीक जानकारी मिल सके।
विधानसभा चुनावों की तारीख तय नहीं हुई है, इसके बाद भी तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। एक-एक मतदान केंद्र की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया जा चुका है। पुलिस महकमे के चुनाव सेल में आंकड़े इकट्ठा करने के साथ ही डिजिटल भी किए जा रहे हैं। 36 बिन्दुओं पर जानकारी कंप्यूटर में फीड हो रही है, जिसे एक लिंक के माध्यम से पुलिस अफसर या चुनावी ड्यूटी में लगे अधिकारी एक क्लिक पर देख सकेंगे। अभी तक केवल कागजी रजिस्टर में जानकारी लिख दी जाती थी।
इससे एक कदम और आगे बढ़ाते हुए 1671 मतदान केंद्रों के अक्षांश और देशांतर भी जुटाए गए हैं, जिन्हें गूगल पर अपलोड किया जा रहा है। अपलोड होने के बाद गूगल मैप या जीपीएस पर सटीक लोकेशन मिल जाएगी। बता दें कि अभी तक गूगल मैप पर गांव या शहर की लोकेशन तो मिल जाती है लेकिन बूथ कहां है, यह ढूंढना संभव नहीं होता था। अब मतदान केंद्र का अक्षांश और देशांतर अपलोड किए जाने के बाद सटीक लोकेशन मिल सकेगी, जिससे बाहर से आने वाली फोर्स को रास्ता पूछने की जरुरत नहीं पड़ेगी। (संवाद)
दूसरे चुनावों में भी मिलेगी मदद
मतदान केंद्र के संबंध में 36 बिन्दुओं पर सूचना एकत्र की गई है, जिनमें झगड़ा फसाद करने वाले, पुलिस की कार्रवाई, अपराधी, बीते चुनावों का माहौल रजिस्टर में लिख दिया जाता था। अब डिजिटल होने के बाद दूसरे चुनावों में पुराने रजिस्टर ढूंढने नहीं पड़ेंगे।
मतदान केंद्रों से जुड़ी 36 बिन्दुओं की जानकारी को डिजिटल किया जा रहा है। अक्षांश और देशांतर भी अपलोड किए जा रहे हैं।
-डा. धर्मवीर सिंह, एसपी
सेक्टर प्रभारियों की हुई बैठक
बिजनौर। जिले को 249 सेक्टर में बांटा जा चुका है। जिनके सेक्टर प्रभारियों का शनिवार को पुलिस लाइन में बैठक ली गई। एएसपी सिटी डा. प्रवीण रंजन सिंह ने सभी सेक्टर प्रभारियों को चुनाव संबंधी दिशा निर्देेश दिए। उन्होंने चुनाव को लेकर सभी रिकार्ड दुरुस्त करने के लिए कहा, वहीं बूथों के निरीक्षण के निर्देश भी दिए गए।