मुरादाबाद मंडल में नहीं है कोरोना टेस्टिंग लैब
बिजनौर। मुरादाबाद मंडल के एक भी जनपद में कोरोना टेस्टिंग लैब नहीं है। इस कारण जनपद समेत पूरे मंडल के सैंपलों को लखनऊ भेजा जाता है। वहां पर अधिक भार होने के कारण लंबित रिपोर्ट की संख्या बढ़ने लगी है।
मुरादाबाद मंडल में कुल पांच जिले हैं। इनमें मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, अमरोहा, संभल शामिल हैं। अफसरों की मानें तो फिलहाल हर जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों को भर्ती करने के लिए 30-30 बेड के अस्पतालों को तो रिजर्व किया गया है, लेकिन पूरे मंडल में कहीं भी टेस्टिंग लैब की व्यवस्था नहीं है। इससे एक ओर जहां लखनऊ सैंपल लेकर जाने में समय नष्ट होता है तो दूसरी ओर वहां पर पेंडिंग सैंपल की लंबी कतार लग गई है। बिजनौर से बुधवार तक भेजे गए कुल 986 सैंपल में से बृहस्पतिवार की दोपहर तक 805 जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें 26 कोरोना पॉजिटिव और 779 नेगेटिव हैं। जबकि लगभग 181 जांच रिपोर्ट अभी लंबित हैं।
सीएमओ विजय कुमार यादव ने बताया कि यह शासन स्तर का मामला है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व बरेली में शुरू हुई लैब में भी दो दिन तक सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, लेकिन बरेली से बताया गया कि उनके पास केवल अपने जनपद के सैंपल चैक करने के लिए ही टेस्टिंग किट प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि पहले यहां से जांच के लिए सैंपल केजीएमयू लखनऊ जा रहे थे, लेकिन वहां पर सैंपल जांच का भार अधिक होने के कारण लखनऊ के ही संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट भेजने शुरू कर दिए हैं। जिससे रिपोर्ट लंबित न रहें।