दो वर्षो से हरचंदपुर में है पेयजल संकट
नांगलसोती। गांव हरचंदपुर के ओवरहेड टैंक का वॉल्व दो वर्षों से खराब होने से कई ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या बनी हुई है। टैंक से पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच रहा है। उपभोक्ताओं ने जल्द ओवरहैड टैंक का वाल्व ठीक कराकर पेयजल आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।
नांगलसोती के गांव हरचंदपुर में स्थित जल निगम के नलकूप व ओवरहेड टैंक से सौफतपुर, मायापुरी, चमरौला, ढोलापुरी, महमसापुर, लालपुरमान आदि गांवों में पेयजल आपूर्ति होती है। पिछले दो वर्षों से ओवरहेड टैंक का चेक वॉल्व खराब है, जिस कारण टैंक में पानी जमा नहीं हो रहा है। उपभोक्ता वीरेंद्र सिंह, संजीव कुमार, प्रदीप कुमार, प्रवेंद्र सिंह, नीरज का कहना है कि टैंक द्वारा पेयजल आपूर्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं तक पानी का पर्याप्त प्रेशर नहीं पहुंच रहा है और उपभोक्ताओं को कम मात्रा में पानी मिल रहा है। उपभोक्ता कई बार जल निगम के अधिकारियों से शिकायत कर चुके है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पेयजल आपूर्ति नहीं होने से पिछले पांच माह में करीब 25 उपभोक्ता कनेक्शन कटवा चुके हैं।
उधर, जल निगम के नलकूप पर तैनात ऑपरेटर राम सिंह का कहना है कि उच्चाधिकारियों को ओवरहेड टैंक की चेक वॉल्व खराब होने की जानकारी दी गई है।