तहसीलदार के पेशकार के सरकारी आवास में चोरी
धामपुर। तहसीलदार धामपुर के पेशकार नृपेंद्र कुमार के सरकारी आवास को चोरों ने शुक्रवार को दिन में ही खंगाल डाला। पेशकार के परिवार के सदस्य मंदिर में पूजा कर प्रसाद चढ़ाने गए थे तो चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखी तीन लाख की नकदी और करीब चार लाख रुपये जेवर चोरी कर ले गए।
तहसीलदार के पेशकार नृपेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को परिवार के सदस्य आवास का ताला लगाकर सांई मंदिर में प्रसाद चढ़ाने को गए थे। वह चुनाव कार्य के कारण अधिकारियों के साथ व्यस्त होने के कारण घर से बाहर थे। जब बच्चे प्रसाद चढ़ाने के बाद घर वापस लौटे तो घटना का पता लगा। पेशकार ने बताया कि इस दौरान चोर उनके घर में पुत्री की शादी की तैयारी के लिए रखे तीन लाख की नकदी और करीब चार लाख की कीमत के सोने चांदी के जेवर चोरी कर ले गए।
पुलिस ने बताया कि तहसील के सरकारी आवासों में कुछ प्राइवेट लोग भी रहते हैं। लेखपालों ने सरकारी आवासों को अपना कार्यालय बना रखा है और उनके कार्यालय में अधिकांश प्राइवेट युवक काम करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।