अब्दुल्लापुर दहाना गांव के पास सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : अमर उजाला
नूरपुर में मुरादाबाद मार्ग पर गांव अब्दुल्लापुर दहाना में सड़क किनारे खड़े गन्ने के ट्रक में एक कार पीछे से घुस गई। हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
प्रिंस रोड मुरादाबाद निवासी अताउर्रहमान, शादाब और हसनैन मुजफ्फरनगर में एक बारात में शामिल होने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार की रात करीब नौ बजे मुजफ्फरनगर से लौटते समय उनकी तेज रफ्तार कार मुरादाबाद मार्ग स्थित गांव अब्दुल्लापुर दहाना में सड़क किनारे खड़े गन्ने से लदे ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे के दौरान पास ही स्थित एक ढाबे पर चाय पी रहा ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार काफी दूर तक उछल कर विपरीत दिशा में घूम गई और उसके परखचे उड़ गए। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कार में फंसे तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक अताउर्रहमान (35) की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल शादाब व हसनैन को सीएचसी भेजवाया। कुछ देर बाद बारात में शामिल अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और बिना कोई कानूनी कार्रवाई किए शव व घायलों को अपने साथ ले गए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।