धामपुर। खादर में कच्ची शराब के धंधे को बंद कराने और इसमें शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कई दिनों से आंदोलन कर रही महिलाओं को शराब माफिया ने जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि वे शराब माफिया की धमकी में आने वाली है। उन्होंने मामले की शिकायत डीएम बी चंद्रकला और एसपी सुभाष बघेल से कर आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कार्रवाई न होने पर डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
बढ़ाप़ुर थाना क्षेत्र के गांव वाजिदपुर, शाहनगर कुराली, भगौता, हरेवली की कुसुमदेवी, चंद्रावती, सुंदरी, मुन्नी, गुड्डी, कस्तूरी, मीनू, राजवाला का कहना है कि शराब माफिया आंदोलनकारी महिलाओं के साथ अभद्रता कर रहे हैं। बुधवार को शराब माफिया के आधा दर्जन बदमाशों ने कई महिलाओं से अभद्रता की और आंदोलन खत्म न करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
इस पर महिलाओं ने बुधवार को ही डीएम और एसपी को अवगत करा दिया है। आरोप लगाया कि आंदोलन के बाद भी पुलिस और आबकारी विभाग कुछ नहीं कर रहा है। जिससे शराब माफिया के हौसले बुलंद हो रहे हैं। शराब की लत से क्षेत्र तबाह हो रहा है। परेशान महिलाओं ने बताया कि हालत ये है कि दिन निकलते ही बच्चे दूध के स्थान पर शराब पीने लगते हैं।
मना करने पर परिवार की महिलाओं से मारपीट करते हैं। नशे की लत में घरेलू सामान भी बेच देते हैं। पुलिस संरक्षण में चले रहे इस अवैध धंधे का कोई विरोध नहीं करता है। उधर बढ़ाप़ुर थाने के प्रभारी अजय कुमार गौतम का कहना है कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वे धमकी देने वालों का पता लगवाकर कार्रवाई करेंगे।