अफजलगढ़। गांव कुंवर बसेड़ा में घास काटने गई नंदनी (30) पत्नी ऋषिपाल की सांप के डसने से मौत हो गई। परिजन महिला को अस्पताल ले जाने के बजाए झाड़-फूंक कराने में लगे रहे। घटना से मृतका के परिजनों में शोक छा गया वहीं बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नंदनी बुधवार शाम पशुओं के लिए घास काटने गई थी। घास में छिपे सांप ने महिला को डस लिया। हालत बिगड़ने पर उसने परिजनों को बताया। परिजन महिला को गांव में ही एक झाड़-फूंक करने वाले के यहां ले गए इसके बाद मंधोरा और कासमपुर गढ़ी में झाड़-फूंक वालों के पास ले जाया गया। सभी ने उपचार के लिए मना कर दिया।
कासमपुर गढ़ी से महिला को सरकारी अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई तब परिजन सीएचसी अफजलगढ़ लेकर पहुंचे। चिकित्सक मोहित कुमार ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सक ने महिला की मौत की सूचना पुलिस को दे दी। परिजन पुलिस में कोई कार्रवाई किए बिना ही मृतका का शव अपने साथ घर ले गए। महिला के चार बच्चे हैं तथा पति मेहनत-मजदूरी कर परिवार पालता है।