नहटौर। खेत में गन्ने की छिलाई कर रही महिला व उसकी दो पुत्रियों को बाइक सवार दो युवकों ने हथियारों के बल पर आतंकित करना शुरू किया। इसी दौरान महिला बेहोश हो गई। दोनों किशोरियों के शोर मचाने पर बाइक सवार फरार हो गए।
गांव शादीपुर के जंगल में एक महिला दो पुत्रियों के साथ जंगल में गन्ने की छिलाई कर रही थी। बताया जाता है कि इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास आए। एक ने तमंचा व दूसरे ने बंदूक से उन्हें आतंकित करना शुरू कर दिया। इसी दौरान महिला बेहोश हो गई। दोनों किशोरियों के शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों को आता देख दोनों बाइक पर बैठकर फरार हो गए। किसी को बताने पर किशोरियों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। खेतों में हथियार बंद युवकों के आने की सूचना पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन बाइक सवारों का कोई पता नहीं लग सका। जंगल में हथियार बंद युवक के घूमने की खबर पर जंगल में काम कर रहें अन्य किसान भी अपने घर आ गए। किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है। कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।