ग्रामीणों ने गांव में नहीं लाने दिया वृद्धा का शव
नहटौर। दिल्ली में हुई नहटौर की महिला की मौत के बाद उसकी बेटी और दामाद शव लेकर गांव आ रहे थे, लेकिन ग्रामीणों ने उसका शव गांव में नहीं लाने दिया। बताया जाता है कि वृद्धा में कोरोना जैसे लक्षण थे। विरोध होने पर पुलिस ने बवनपुरा चौकी पर ही उन्हें रोक लिया और मृतका का शव वहीं पर दफना दिया गया।
नहटौर के एक मोहल्ला निवासी 70 वर्षीय महिला दिल्ली के अशोक नगर में अपने दामाद के यहां रह रही थी। मोहल्लेवासियों के मुताबिक दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत होने पर दामाद एवं पुत्री शव को दफन करने के लिए नहटौर ला रहे थे। महिला में कोरोना वायरस के लक्षण होने की बात सामने आने पर मोहल्ले वासियों ने शव को नहटौर लाने का विरोध किया। पुलिस ने बवनपुरा चौकी चांदपुर पर एंबुलेंस को रोक लिया और वहीं पर शव को दफना दिया गया। इसके बाद मृतक महिला के साथ आ रहे दामाद एवं पुत्री को क्वारंटीन में रखा गया है। कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि मृतक महिला का दफीना करा दिया गया है। उसके दामाद और बेटी की जांच कराई जाएगी।