नजीबाबाद। दुकान और मकान के लिए प्लॉट देने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का शिकार हुए पीड़ितों ने एसडीएम से न्याय की गुहार लगाई। एसडीएम ने मंडावली थाना प्रभारी को मामले की जांच कर कार्रवाई करने को कहा।
मंडावली क्षेत्र में मोटा महादेव भागूवाला-बाईपास मार्ग पर महादेव पुरम कॉलोनी में मकान और दुकान के प्लॉट काटे गए हैं। नजीबाबाद और किरतपुर क्षेत्र के लोगों को प्लॉट और दुकान देने के लिए करोड़ों रुपये की ठगी की गई। मंडावली थाने को अनेक लोगों ने इस संबंध में शुक्रवार को तहरीर दी।
ठगी के शिकार हुए पीड़ितों ने एसडीएम विजय शंकर को प्रार्थना पत्र देकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई। तहसील पहुंचे पीड़ितों ललित शर्मा, सोमपाल सिंह, मनोज कुमार, विनोद कुमार, अमित शर्मा, दीपा, नीलम हरिओम, नरेश कुमार ने एसडीएम को बताया कि तहरीर देने के बावजूद मंडावली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
एसडीम विजय शंकर ने थाना प्रभारी राम प्रताप से प्रकरण की जानकारी की। थाना प्रभारी ने मामले की जांच कराने और सीओ के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कराने की जानकारी दी।