नगर पंचायत झालू में बिना टेंडर निकाले ही बना दिया नलकूप
बिजनौर। झालू नगर पंचायत में नाले का निर्माण जांच के दायरे में फंसा हुआ है। अब एक और नलकूप भी विवादों में फंस गया है। बिना टेंडर निकाले ही नलकूप बना दिया गया है। अब जो निविदाएं आमंत्रित की गई हैं, उनमें इसी नलकूप को रिबोर किया जाना दर्शाया गया है। फिलहाल मामले में की जांच बैठा दी गई है। जिसे लेकर हड़कंप मचा हुआ है।
मोहल्ला चौधरियान के रहने वाले संजीव कुमार राणा ने पिछले दिनों डीएम को शिकायती पत्र दिया था। जिसमें कहा गया कि कार्य योजना और बिना निविदा ही मोहल्ला सादात में बरातघर के पास नलकूप लगाया गया है। निविदा से पहले ही नलकूप बना दिया गया। शिकायत हुई तो अब आमंत्रित की गई निविदाओं में इसी नलकूप के रिबोर के लिए निविदा मांगी गई है। आरोप है कि रिबोर भी छह लाख में होना दर्शाया जा रहा है। मामले में एडीएम प्रशासन ने जांच बैठा दी है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही एक नाला भी जांच में फंस चुका है। एसडीएम सदर विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मौके पर पहुंचकर दो ईंटों को बजाकर तोड़ दिया था। जिसके बाद दस ईंट जांच के लिए लैब भेजी गई हैं। यह नाला कागजों में 15 भागों में बांटा गया। जिससे ई टेंडरिंग से बचा जा सके। नगर पंचायत के ईओ धर्मदेव ने बताया कि फाइल देखने के बाद ही नलकूप के बारे में कुछ कहा जा सकता है।