स्योहारा चुंगी का नलकूप ठप, मोटर फुंकी
धामपुर। नगर में भीषण गर्मी के चलते पीने के पानी की किल्लत दूर होने का नाम नहीं ले रही है। तीन दिन पहले पुरानी तहसील का फेल हुुआ था, शुक्रवार को स्योहारा चुंगी के पास स्थित नलकूप मोटर फुंकने से ठप हो गया। दो नलकूपों के एक साथ खराब होने से क्षेत्र में पेयजल की भारी किल्लत हो गई है।
भीषण गरमी के चलते लोगों का नगर में पानी की किल्लत ने परेशान कर दिया है। तीन दिन पहले पुरानी तहसील का नलकूप फेल हुआ था। अभी तक वह ठीक नहीं हो सका है, अब स्योहारा चुंगी के पास के नलकूप की मोटर फुंक गई। जिससे नलकूप ठप हो गया और पानी की सप्लाई बंद हो गई। दो नलकूपों के एक साथ बंद होने से क्षेत्र में पानी की किल्लत हो गई है। लोगों को हैंडपंपों से पानी लेकर आना पड़ रहा है। नगर के राजकुमार, विवेक कुमार, भूरा खां, यामीन आदि ने बताया कि पालिका अधिकारियों की लापरवाही के चलते लोग परेशान हैं। नलकूपों की समय पर मरम्मत नहीं कराई जाती। मोटर फुंकने पर वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई।
लोगों ने पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता से पानी की आपूर्ति को सुचारु बनाने की मांग की है। बताया गया कि पूरी गर्मी निकलती जा रही हैं, लेकिन नगर पालिका एक भी वाटर कूलर चालू नहीं करा पाई है। जलकल विभाग के अवर अभियंता हेमंत कुमार का कहना है कि समस्या का निदान कराने का प्रयास किया जा रहा है।