धामपुर। स्टेशन पर पानी लेेने उतरे यात्री की ट्रेन छूट गई। बाद में आरपीएफ की मदद से यात्री को रन थ्रू ट्रेन में बैठाकर मुरादाबाद में उसी लिंक ट्रेन को पकड़वा दिया।
कौशांबी निवासी पीतांबर जायसवाल जब शनिवार को लिंक एक्सप्रेस डाउन से देहरादनू से सूबेदारगंज जा रहे थे तो इस दौरान वह ट्रेन के धामपुर में रुकने पर बोतल में पानी भरने के लिए नीचे उतर गए। इस दौरान ट्रेन छूटने पर वह परेशान हो गए। उन्होंने आरपीएफ चौकी पर जाकर प्रभारी विकल चौधरी को समस्या से अवगत कराया। प्रभारी विकल चौधरी ने उनकी मदद की। उन्होंने स्योहारा स्टेशन के मास्टर विजय शंकर पांडेय से फोन पर संपर्क किया और उन्हें सारी बात बताई। बताया कि पीतांबर जायसवाल का लिंक एक्सइप्रेस ट्रेन में एस-थ्री कोच की 57 नंबर की बर्थ रिजर्व है। जैसे ही स्योहारा में लिंक एक्सप्रेस रुकी तो स्टेशन मास्टर ने सामान को वहां पर उतरवा लिया। सामान की फोटोग्राफी कर जायसवाल से पहचान भी कराई। बकौल जायसवाल, उसके ब्रीफकेस में उनके दस हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान रखा था। इसी दौरान पीछे एक रन थ्रू ट्रेन और आ रही थी, जिसका पता लगने पर आरपीएफ प्रभारी ने धामपुर के स्टेशन मास्टर को रिपोर्ट से अवगत करा ट्रेन को रुकवाने की सिफारिश की। स्टेेशन मास्टर ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कंट्रोल मुरादाबाद से बात कर उनके आदेश पर आ रही रन थ्रू ट्रेन को यहां रुकवा लिया और स्योहारा में स्टेशन से जायसवाल को उनका सामान उन्हीं की सुपुर्दगी में दिलाने के बाद मुरादाबाद में उसी ट्रेन (लिंक) को पकड़वा दिया। जायसवाल ने रेल विभाग के अधिकारियों और धामपुर आरपीएफ चौकी के अधिकारियों और कर्मियों के प्रयास की सराहना की है।