बिजनौर। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को पढ़ाने के लिए एजुकेटर रखे जाने हैं। इसके लिए चयनित फार्म को बागपत में काली सूची में डालने की संस्तुति एवं एफआईआर दर्ज कराई गई थी। अमर उजाला ने खबर को प्रमुख से उठाया। जांच के उपरांत सीडीओ पूर्ण बोरा ने टेंडर निरस्त की संस्तुति की है। अब बेसिक विभाग निरस्त की फाइल प्रक्रिया में जुटा है।
बेसिक शिक्षा विभाग में सेवा प्रदाता कंपनी के जरिये आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन से छह वर्ष के बच्चों को पढ़ाने के लिए एजुकेटर रखे जाने हैं। सेवा प्रदाता कंपनी के चयन के लिए जैम पोर्टल पर निविदाएं आमंत्रित की गईं थीं। निविदा खोलने के बाद इसमें मुरादाबाद की फर्म एसकेटी सिक्योरिटी ग्रुप को एल-वन किया गया। बिजनौर निवासी मोहित कुमार ने इस मामले में एसकेटी सिक्योरिटी ग्रुप के खिलाफ डीएम से शिकायत की थी।
आरोप लगाया था कि एसकेटी फर्म ने कूट रचित अभिलेखों के जरिए बागपत में बाल संरक्षण विभाग में टेंडर हासिल किया था। कागजों की जांच में निदेशकों के चरित्र प्रमाण पत्र कूट रचित पाए गए। जिसके बाद दोनों निदेशकों के खिलाफ संरक्षण अधिकारी ने कोतवाली बागपत में 17 सितंबर 2024 को एफआईआर दर्ज कराई थी। साथ ही टेंडर को निरस्त कर दिया था।
उन्होंने डीएम से शिकायत में जांच कराकर निविदा को निरस्त करते हुए फर्म को काली सूची में डालने की मांग उठाई गई है। प्रशासन ने जांच के लिए बागपत व मुख्यालय को पत्र लिखा था। मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा ने बताया कि एजुकेटर नियुक्ति करने वाले टेंडर को निरस्त करने की संस्तुति कर दी गई है। निष्पक्ष रूप से दोबारा टेंडर की प्रक्रिया की जाएगी।
- सूची में डालने की थी संस्तुति, हट गए प्रोबेशन अधिकारी
डीएम को दी शिकायत पत्र में मोहित कुमार ने आरोप लगाया था कि सात अक्तूबर 2024 को बागपत के जिला प्रोबेशन अधिकारी की ओर से शासन को पत्र लिखकर फर्म को काली सूची में डालने की संस्तुति की गई थी। शिकायत कर्ता का कहना था कि इस फर्म को टेंडर जारी करने में बागपत के जिला प्रोबेशन अधिकारी को भी हटा दिया गया था।
- एजेंसी का टेंडर निरस्त की संस्तुति
मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को पढ़ाने के लिए एजुकेटर के चयन को मुरादाबाद की फर्म एसकेटी सिक्योरिटी ग्रुप को एल-वन किया गया था। शिकायत पर जांच के उपरांत इस एजेंसी के टेंडर को निरस्त करने की संस्तुति कर दी और बेसिक शिक्षा विभाग को अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
- निर्देश पर की जा रही कार्रवाई
बीएसए योगेंद्र कुमार ने बताया कि प्रशासन के निर्देश पर एजेंसी के टेंडर निरस्त की कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए फाइल चला दी गई है।