राजा का ताजपुर। प्रेमी के साथ गई किशोरी 14 दिन बाद सोमवार को वापस लौटकर सीधे थाना नूरपुर पहुंच गई। पुलिस ने किशोरी को अपनी सुरक्षा में थाने में बैठाया। थाने में पहुंचने पर किशोरी ने अपने माता-पिता व रिश्तेदारों को पहचानने से इनकार कर दिया।
ताजपुर निवासी एक किशोरी का अपने गांव के ही एक युवक से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मौका देखकर प्रेमी-प्रेमिका दोनों घर से निकल गए। परिजनों ने किशोरी को नाबालिग बताते हुए गांव के ही एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। इस संबंध में परिजनों की तहरीर पर थाना नूरपुर में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। 14 दिन बाद किशोरी के सोमवार को वापस थाने पहुंचने पर पुलिस ने उसे अपनी सुरक्षा में ले लिया। जानकारी लगने पर परिजन थाने पहुंचे लेकिन किशोरी ने परिजनों व रिश्तेदारों को पहचानने से इनकार कर दिया। पुलिस द्वारा किशोरी के बयान दर्ज कराने एवं आगे की कार्रवाई की जा रही है। सीओ चांदपुर देशदीपक का कहना है कि किशोरी की उम्र और अन्य तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।