स्योहारा। ग्राम पंचायत फैजुल्लापुर में विकास कार्यों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद डीएम बिजनौर के निर्देश पर गठित जांच टीम ने बुधवार को गांव पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में हुए कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
ग्रामीण सुरेंद्र सैनी समेत दर्जनों लोगों ने दो मई को डीएम को शिकायती पत्र देकर विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की थी। डीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार विजय कुमार, बीडीओ विक्रम सिंह, एडीओ पंचायत अनिल कुमार, हलका लेखपाल अनिल कुमार तथा पंचायत सचिव माधव राणा ने गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि विकास कार्यों के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है, जबकि कई स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था बदहाल है। नालियां चोक होने और पानी निकासी बंद रहने से गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर शिकायतों की पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी ने पंचायत सचिव को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों को लगाकर गांव में व्यापक सफाई अभियान चलाने को कहा। जांच के दौरान सुरेंद्र सैनी, अजय पाल सिंह, राजीव भंडारी, सलमान सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जांच के बाद मामले में कार्रवाई होगी और गांव की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। नायब तहसीलदार ने बताया कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की जाएगी। सफाई व्यवस्था के लिए संबंधित को निर्देश दे दिए गए हैं।