चांदपुर गुलब सिंह हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय की अंतर महाविद्यालय चैम्पियन बनी कबड्डी की टी?
- फोटो : BIJNOR
कबड्डी में गुलाब सिंह महाविद्यालय चांदपुर की टीम बनी चैंपियन
चांदपुर। अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में गुलाब सिंह हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय की पुरुष टीम ने चैंपियनशिप हासिल की। जबकि महिला टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजयी टीम के महाविद्यालय पहुंचने पर खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
शुक्रवार को जेएस हिंदू महाविद्यालय अमरोहा में आयोजित अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में गुलाब सिंह हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय चांदपुर की पुरुष व महिला टीम ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में चांदपुर की पुरुष टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। जबकि गत वर्ष विश्वविद्यालय चैंपियन रही महाविद्यालय चांदपुर की महिला टीम को तीसरे स्थान पाकर संतोष करना पड़ा। महाविद्यालय की पुरुष टीम ने लगातार पांचवीं बार महाविद्यालय की चैंपियनशिप पर कब्जा बनाया। क्वार्टर फाइनल मैच में चांदपुर की पुरुष टीम ने बिजनौर को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मैच में महाविद्यालय की टीम ने देवता महाविद्यालय को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
चांदपुर व विवेकानंद महाविद्यालय दरबाड़ा के बीच हुए फाइनल मैच में चांदपुर की टीम ने दरबाड़ा की टीम को 41-31 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। खिलाड़ियों के महाविद्यालय पहुंचने पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के आजीवन अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह व महाविद्यालय परिवार द्वारा उनको सम्मानित किया गया। आजीवन अध्यक्ष ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रैक सूट देने की घोषणा की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अमित सिंह ने पुरुष व महिला खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।