नजीबाबाद/बिजनौर। बाजार कल्लूगंज क्षेत्र में नाले पर दशकों पहले बने व्यापारिक प्रतिष्ठान संयुक्त जांच में अतिक्रमण के दायरे में चिह्नित किए गए हैं। अतिक्रमण हटाने के नोटिस मिलने के बाद कारोबारियों ने प्रदर्शन किया और विधायक के नेतृत्व में डीएम से मिले।
बाजार कल्लूगंज क्षेत्र में नाले पर कुछ कारोबारी प्रतिष्ठान पूर्ण और आंशिक रूप से अतिक्रमण में चिह्नित किए गए हैं। नजीबाबाद निवासी आदेश कुमार ने मंडलायुक्त कार्यालय को बाजार कल्लूगंज क्षेत्र में नाले पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। इसके बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर राजस्व और प्रशासन की संयुक्त जांच टीम ने नाले पर अतिक्रमण होने की पुष्टि की। नगर पालिका ने अतिक्रमण स्वयं हटाने को नोटिस जारी किए गए। सोमवार को अतिक्रमण हटाने के लिए नियुक्त मजिस्ट्रेट के अवकाश होने पर कार्रवाई नहीं हुई। उधर कारोबारियों ने सोमवार को बाजार कल्लूगंज में विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद कारोबारी विधायक हाजी तसलीम अहमद, उप्र उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष कपिल सराफ के नेतृत्व में डीएम जसजीत कौर से मिले। जनप्रतिनिधियों और कारोबारियों ने वर्षों से चले आ रहे प्रतिष्ठानों को ध्वस्त करने से संबंधित कारोबारियों का रोजगार प्रभावित होने की दुहाई दी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रद्द करने की मांग की।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष कपिल सराफ ने बताया कि जिलाधिकारी ने स्वयं जांच कर न्याय दिलाने का व्यापारियों को आश्वासन दिया है। व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल में विजय वर्मा, इबादुर रहमान, राघव माहेश्वरी, राकेश कुमार, सरफराज, अनवर खां मंसूब, इकबाल चौधरी शामिल रहे।