बिजनौर। बुधवार शाम प्रदर्शन में ठेकेदार की मनमानी की वजह से झूले बंद हो गए। झूला संचालक ने ठेकेदार पर जबरन पैसे वसूलने और मारपीट करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनी में देर शाम विवाद की वजह से विद्युत आपूर्ति भी बंद रही।
बिजनौर में जिला औद्योगिक कृषि एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी तीन अगस्त से चल रही है। विरोध बढ़ने पर झूला संचालकों ने पैसे छिनने और मारपीट करने की शिकायत डीएम से की। इसके बाद मामले में जांच बैठा दी गई। नुमाइश शुरू हाेने के साथ ही विवाद भी शुरू हो गए। पहले हाईवे और नगर पंचायत की मुख्य सड़क पर पार्किंग शुरू कर दी गई और बड़ा शुल्क लोगों से वसूल किया जाने लगा। इसकी शिकायत अधिकारी से भी की गई। जिसकी जांच शुरू कराई गई है। बुधवार को मैदान में लगे झूले बंद कर दिए गए। झूला संचालक अली हसन का कहना है कि 95 लाख रुपये में ठेका लिया है। लेकिन, ठेकेदार अपने दबंग साथियों के साथ लगातार मनमानी कर रहा है। आए दिन ठेकेदार के लोग मारपीट कर जमा हुई धनराशि भी छीन कर ले जाते हैं। ऐसे में संचालकाें ने बुधवार को अपने झूले बंद कर दिए और विद्युत आपूर्ति भी बंद कर दी गई।
नुमाइश के ठेकेदार व झूला संचालक के बीच विवाद होने का मामला उनके संज्ञान में है। झूला संचालक और ठेकेदार के बीच लेनदेन का मामला सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है।
- विकास कुमार, ईओ नगर पालिका बिजनौर