नहरों में पानी छोड़ने के आश्वासन पर धरना समाप्त
नजीबाबाद। एक सप्ताह में नहरों में पानी छोड़ने के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त कर लिया। किसानों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
भाकियू अराजनैतिक के ब्लॉक अध्यक्ष कुलबीर सिंह के नेतृत्व में किसानों और कार्यकर्ताओं ने सिंचाई विभाग कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। किसानों का कहना था कि भीषण गर्मी में किसानों की फसलों को सिंचाई की अधिक आवश्यकता होती है। मंडावली, नांगलसोती और नजीबाबाद क्षेत्र के अधिकांश किसान बिजली के नलकूपों और नहरों से फसलों की सिंचाई करते हैं। नहरों में पानी न होने से सिंचाई नहीं हो पा रही है। मंगलवार को किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। फोन पर पूर्वी गंग नहर के अधिशासी अभियंता के जल्द नहरों में पानी छोड़ने के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त किया। किसानों ने सहायक अभियंता प्रेम कुमार टम्टा को ज्ञापन सौंपा।
किसान नेता विनोद परमार की अध्यक्षता और भोपाल सिंह के संचालन में हुए धरना प्रदर्शन में इकबाल सिंह, विजय सिंह, बबलू, नीटू सिंह, पवन कुुमार, नितिन, कसीम अहमद, अली हुसैन, प्रशांत चौधरी, संजीव कुमार, गजेंद्र, राजीव, शमशुल आदि मौजूद रहे।
सात जून तक नहरों की सफाई का कार्य पूरा होना है। 10 जून के बाद ही नहरों में पानी छोड़ा जाएगा। - प्रवीण कुमार शर्मा, अधिशासी अभियंता, पूर्वी गंग नहर खंड-6।