धामपुर। भाकियू लोकशक्ति के कार्यकर्ताओं का मिल गेट के बाहर चल रहा धरना दूसरे दिन सीओ अजय कुमार अग्रवाल के भरोसे पर खत्म हो गया। सीओ ने मिल प्रबंधन की ओर से प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिया मिल प्रबधंन प्रत्येक स्थिति में 30 नवंबर तक पिछले साल की बकाया का भुगतान करेगा। प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि यदि प्रशासन की ओर से उनके साथ वादाखिलाफी हुई तो फिर चक्काजाम होगा।
भाकियू लोकशक्ति ने मंगलवार को मिल गेट के बाहर किसानों को पिछले साल का शतप्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान कराने, किसानों को समिति की ओर से छपी पर्चिंया दिलाने और वर्तमान पेराई सत्र का भुगतान 14 में नहीं होने पर ब्याज सहित पेमेंट करने की मांग को लेकर धरना दिया था। मंगलवार को मिल प्रशासन की ओर से जीएम गन्ना कुलदीप शर्मा, जीएम प्रशासन विजय कुमार गुप्ता ने किसानों के बीच जाकर हर हाल में 30 नवंबर तक भुगतान कराने का भरोसा देकर धरने को खत्म करने का आग्रह किया था। लेकिन भाकियू लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष वीर सिंह ने इसे ठुकराते हुए अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान कर दिया था। किसान रात भर ठंड में मिल गेट के बाहर ट्रैक्टर ट्राली में लटे रहे।
बुधवार को जिलाध्यक्ष वीर सिंह सहित जिले की कार्यकारिणी के सदस्य मिल गेट के बाहर धरने में पहुंचे और कहा कि जब तक मिल प्रशासन की ओर से पिछले साल का शतप्रतिशत बकाया भुगतान नहीं मिलेेगा, आंदोलन जारी रहेगा। धरने का नेतृत्व कर रहे किसान घनश्याम सिंह पांडेय ने कहा कि ज्यादा किसानों को धरने पर आने से रोक दिया गया है। लेकिन जरूरत होगी तो उन्हें सूचना दे दी जाएगी।
शाम चार बजे एक बार फिर प्रशासन के प्रयास से वार्ता हुई। इसमें सीओ धामपुर अजय कुमार अग्रवाल शामिल रहे। काफी मशक्कत के बाद सीओ ने मिल प्रशासन की ओर से 30 नवंबर तक किसानों को पिछले सत्र का करीब 100 करोड़ रुपये बकाया भुगतान कराने का भरोसा दिया। इसके बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को खत्म करने की घोषणा कर दी। वार्ता में मिल की ओर से जीएम गन्ना कुलदीप शर्मा, जीएम प्रशासन विजय गुप्ता , किसानों की ओर से जिलाध्यक्ष वीर सिंह, योगेंद्र सिंह, घनश्याम सिंह पांडेय, सत्यवीर सिंह, अरुण कुमार, विजय सिंह पहलवान, डालचंद, राकुमार, रघुवीर सिंह, कोतवाल अरुण कुमार त्यागी रहे।
--------------------------
भाकियू जन शक्ति ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौपा
धामपुर। भाकियू जनशक्ति के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को एसडीएम धीरेंद्र सिंह को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें गन्ने का भाव 500 रुपये दिलाने, बकाया होने पर पेमेंट ब्याज के साथ कराने, 24 घंटे बिजली दिलाने, मंडीकरण की व्यवस्था को लागू करने, एक लाख के कर्जे माफ करने, किसान सम्मान योजना का सभी किसानों को लाभ दिलाने आदि की मांग की। ज्ञापन देने वालों में नरपाल सिंह, संदीप कुमार, सतपाल, अमित आदि रहे।