नजीबाबाद की कोटावाली नदी पुल रपटे में डूबे वाहन को बचाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : NAZIBABAD
सिपाहियों ने दंपती को डूबने से बचाया
भागूवाला/नजीबाबाद (बिजनौर)। कोटावाली नदी के रपटे से गुजर रहा पिकअप वाहन नदी के तेज बहाव में बह गया। मंडावली थाने के सिपाहियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर पिकअप वाहन में सवार दंपती और वाहन को सुरक्षित बचा लिया।
हरिद्वार से प्लास्टिक की पानी की टंकियां लेकर पिकअप वाहन धामपुर जा रहा था। रविवार की तड़के कोटावाली नदी में क्षेत्र और पहाड़ों पर हुई वर्षा से अचानक जलस्तर बढ़ गया। धामपुर के गांव कन्नावाला निवासी पिकअप चालक हरपाल सिंह ने कोटावाली नदी रपटा क्षेत्र से बह रहे पानी के बीच से वाहन को निकालना चाहा तभी अचानक रपटे के बीच में नदी का जलस्तर बढ़ गया। पिकअप वाहन कोटावाली नदी के उफान से पलट गया। वाहन चालक के साथ उसकी पत्नी केलो देवी भी सवार थी।
नजदीक ड्यूटी पर तैनात भागूवाला पुलिस चौकी के सिपाहियों ने पिकअप वाहन रपटे में पलटते हुए देख लिया। अंकित यादव, रवि राणा, रोहित शर्मा और वीर पंवार ने अपनी जान जोखिम में डालकर हरपाल और उसकी पत्नी को नदी में बहने से बचा लिया। सिपाहियों ने ट्रैक्टर की मदद से पिकअप वाहन को भी सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।