एमडीकेवी नजीबाबाद की महक खान रही प्रथम
बिजनौर। जिले के माध्यमिक तथा सीबीएसई स्कूलों की ‘सड़क सुरक्षा एक चुनौती’ विषय पर राजकीय बालिका इंटर कालेज में जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में एमडीकेवी इंटर कालेज नजीबाबाद की छात्रा महक खान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर पुलिस तथा परिवहन अधिकारियों ने छात्रों को यातायात के नियमों की जानकारी दी।
जीजीआईसी बिजनौर की प्रधानाचार्या निर्मला शर्मा के संयोजन में शनिवार को प्रतियोगिता हुई। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के 72 माध्यमिक तथा सीबीएसी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपने प्रस्तुतिकरण में कहा कि भारत में सबसे अधिक लोगों की मौत सड़क हादसे से होती है। छात्रों ने सड़क हादसे से बचने के लिए सुझाव दिए हैं कि परिजन 18 साल से कम आयु के बच्चे को वाहन न दें। छात्र साइकिल से स्कूल जाएं साथ ही अपील की है कि वाहन चालक हेलमेट लगाएं, सीट बेल्ट का प्रयोग करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल से बात न करें। प्रतिभागियों ने शासन प्रशासन से कहा है कि टूटी सड़कों की मरम्मत कराए ताकि हादसे से बचा जा सके। प्रतियोगिता में एमडीकेवी इंटर कॉलेज नजीबाबाद की छात्रा महक खान प्रथम, एच आई सी किरतपुर की छात्रा मनीषा चौधरी द्वितीय, तथा आरजीएनपी इंटर कालेज राजा का ताजपुर की छात्रा शुभांगी वर्मा तृतीय रही हैं। विजयी छात्राओं को आरटीओ प्रणव झा, सीओ अर्चना सिंह, ने प्रशस्तिपत्र प्रदान किए। डीआईओएस राजेश कुमार, जीआईसी प्रधानाचार्य निशांत यादव मौजूद रहे। जिला प्रतियोगिता में जिले के सीबीएसई स्कूलों ने कम दिलचस्पी दिखाई। संयोजिका के अनुसार प्रतियोगिता में मात्र एक फादरसन स्कूल चांदपुर ने प्रतिभाग किया है।
परिवहन विभाग के संभागीय निरीक्षक सुरेंद्र सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य सुरेश शर्मा तथा राकेश शर्मा निर्णायक थे। प्रतियोगिता संयोजिका जीजीआईसी प्रधानाचार्या निर्मला शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम महक खान को इक्कीस हजार रुपये, द्वितीय मनीषा चौधरी को ग्यारह हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर रही शुभांगी वर्मा को सात हजार रुपये शासन की ओर से दिए गए हैं। यह धनराशि छात्राओं के बैंक खातों में जाएगी। प्रधानाचार्य निर्मला शर्मा के अनुसार प्रतियोगिता में पहले तीन स्थान पाने वाली छात्राएं मुरादाबाद में प्रस्तावित मंडलीय वाद विवाद प्रतियोगिता में भाग लेंगी। मंडल प्रतियोगिता में मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर , संभल जिलों की टीम शामिल होंगी। इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होगी। मंडलीय प्रतियोगिता आयोजन की तारीख आने पर जानकारी दी जाएगी।
सीबीएसई स्कूलों ने नहीं दिखाई दिलचस्पी