धामपुर के नगीना चौराहे पर एक दुकान से कब्जा हटवाने के दौरान मौके पर जमा भीड़ स्रोत संवाद
धामपुर। कोर्ट के आदेश पर नगीना चौराहा स्थित एक दुकान से कब्जा हटवाने पहुंचे भारी पुलिस बल को देखकर मौके पर अफरा तफरी मच गई।
शुक्रवार को नगर के अति व्यस्तम चौराहे पर बड़ी संख्या में पुलिस को देखकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने कोर्ट अमीन की मौजूदगी में कोर्ट के आदेश का अनुपालन कराते हुए दुकान से कब्जा हटवाया। वादी पक्ष के परिजन सचिन ने बताया कि उनके ससुर कृष्णपाल सिंह निवासी मिलक तखवाली ने नगीना चौराहे पर दुकानें क्रय की थी। जिसमें अन्य पक्ष दुकान संचालित कर रहा था।
कृष्णपाल सिंह की मृत्यु के उपरांत अपनी संपत्ति पर कब्जा लेने के लिए पिछले लगभग 16 वर्षों से न्यायालय में मुकदमा चल रहा था। बीती 6 जनवरी को सीनियर डिवीजन कोर्ट ने स्व. कृष्णपाल सिंह की पत्नी सावित्री देवी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उन्हें दुकान पर कब्जा दिलाने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में पुलिस ने दुकान को कब्जा मुक्त कराया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान विरोध करने पर पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच युवकों को हिरासत में ले लिया।