सब्जी मंडी बंद रहने की अफवाह से हड़कंप
नजीबाबाद। कोरोना वायरस संक्रमण की आशंका के चलते सब्जी मंडी बंद रखने की अफवाह से हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग सब्जी खरीदने मंडी पहुंच गए। सब्जी विक्रेताओं ने भीड़ देखकर सब्जी के दामों में वृद्धि कर दी।
कोरोना वायरस के भय के चलते बृहस्पतिवार शाम कई दिन तक सब्जी मंडी बंद रहने की अफवाह फैल गई। अफवाह फैलते ही बड़ी संख्या में लोग सब्जी खरीदने के लिए सब्जी मंडी पहुंच गए। सब्जी विक्रेताओं ने सब्जी के दामों में डेढ़ गुना तक वृद्धि कर दी। भिंडी 80 रुपये किलो से 120 रुपये किलो, आलू 20 रुपये से 30 रुपये, प्याज 30 रुपये से 45 रुपये किलो, टमाटर 15 रुपये से 25 रुपये किलो, धनिया 40 रुपये से 80 रुपये किलो तक बेचा गया। अन्य सब्जियों और फलों के दामों में भी भारी वृद्धि हुई। शाम तक सब्जी मंडी में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे थे। मंडी समिति सचिव संभव तोमर ने बताया कि मंडी बंद रहने संबंधी कोई आदेश नहीं है। उन्होंने जनता से अफवाहों से बचने की अपील की।
.....
साप्ताहिक बाजार को बंदी से मुक्त करें
नजीबाबाद। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं नगर अध्यक्ष शिव कुुमार माहेश्वरी ने सरकार और जिला प्रशासन द्वारा नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले साप्ताहिक बाजार बंद करने के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा ऐसा करने से नगर के बाजारों में भारी भीड़ पहुंचेगी। उन्होंने साप्ताहिक बाजारों को बंदी से छूट की मांग की।