बिजनौर में खादर क्षेत्र का डीएम से साथ दौरा करते भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी।
- फोटो : BIJNOR
डेवलगढ़ में पुल निर्माण की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू
बिजनौर। डीएम और भाजपा नेता व सदर विधायक के पति ऐश्वर्य मौसम चौधरी गंगा नदी से हो रहे भूमि कटान को लेकर खादर क्षेत्र का दौरा किया। डीएम ने ग्राम फतेहपुर सभाचंद, सिमली, टीप आदि का निरीक्षण कर क्षेत्रवासियों को जल्द स्टड का निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने गांववालों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों को बताया कि डेवलगढ़ में पेंटून पुल निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कराई जाएगी और अक्तूबर तक पुल निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
डीएम रमाकांत पांडेय ने बताया कि गंगा तट पर भूमि कटान रोकने के लिए स्टड का बजट शासन द्वारा स्वीकृत हो चुका है। कोरोना वायरस के कारण उत्पन्न हुई परिस्थितियों के चलते स्टड का कार्य कुछ विलंब से शुरू हो पाएगा। तब तक कटान और बाढ़ की समस्या से बचने के लिए एसडीएम बृजेश कुमार को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। वहीं भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी ने कहा कि ग्राम डेवलगढ़ में पेंटून पुल निर्माण के लिए बजट मिल चुका है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कराई जाएगी और अक्तूबर तक पुल निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। निरीक्षण के उपरांत भाजपा नेता ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ खादर क्षेत्र के गांव डेवलगढ़, बादशाहपुर, मोहिउद्दीनपुर, रामजीवाला और काजीवाला में पहुंचकर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान गांव डेवलगढ़ के लोगों ने गांव में बन रहे मंदिर का निर्माण कार्य फिर से शुरू कराने का आग्रह किया। इस पर भाजपा नेता ने मंदिर निर्माण कार्य के लिए तुरंत 40 कट्टे सीमेंट मंदिर समिति को उपलब्ध कराए। उन्होंने सभी गांवों में निशुल्क मास्क भी वितरित किए। इसके बाद उन्होंने भाजपा के जिला उपाध्यक्ष वेद प्रकाश आर्य के घर जाकर उनसे भेंट की उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। इस अवसर पर अनिल दौलतपुर, मनोज वाल्मीकि, लोटन, अशोक चौधरी, सरदार हरेंद्र सिंह आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।