गांव के विकास के लिए तय कीं प्राथमिकताएं
कोतवाली देहात। थाना क्षेत्र कोतवाली देहात की ग्राम पंचायत फरीदपुर मान उर्फ पमड़ावली से इस बार 27 वर्षीय नवयुवक सचिन कुमार को ग्रामवासियों ने ग्राम प्रधान चुना है। सचिन कुमार ने बताया कि उन्होंने ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के लिए प्राथमिकताएं निर्धारित की हैं। वह गांव में स्वच्छता अभियान चलाकर गांव को स्वच्छ बनाएंगे।
ग्रामवासी अपने घर के सामने यदि सफाई रखेंगे तो मोहल्ले और पूरा गांव स्वच्छ बनेगा। स्वच्छ गांव ही स्वस्थ रहता है। गांव के सभी टूटे रास्तों का पुनर्निर्माण प्राथमिकता में है। गांव में अधिक से अधिक सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा, क्योंकि एक सीसी रोड काफी सालों तक चलती है। ग्राम प्रधान सचिन कुमार ने बताया कि पंचायत के दूसरे गांव सहसूवाला में खराब हो चुके खड़ंजों के स्थान पर सीसी रोड बनवाई जाएंगी। कहा कि युवा देश की रीढ़ होते हैं। गांव के सैकड़ों युवा सेना, पुलिस की तैयारी करते हैं। यदि गांव मे ग्राम समाज की खाली भूमि मिली तो वह युवाओं के लिए एक मैदान बनवाने का प्रयास करेंगे, जिससे गांव के युवाओं की अच्छी तैयारी हो सके और युवाओं को नौकरी तथा खेलों में आगे बढ़ने का मौका मिले।
पहली बार लड़ा चुनाव और जीते
ग्राम पंचायत फरीदपुर मान के ग्राम प्रधान सचिन कुमार ने बी फार्मा किया है। वह दवाई की कंपनी में नौकरी भी कर चुके हैं। कोरोना काल में उन्होंने गांव में लोगों को दवाई आदि का परामर्श देकर सेवा की। वह गांव में निरंतर जागरूकता अभियान चलाते रहते हैं। सचिन कुमार संविधान से संबंधित जानकारी भी ग्रामवासियों को देते हैं, जिससे ग्रामीण अपने अधिकारों और दायित्व के प्रति सचेत रहें। सचिन केमिस्ट हैं और अपना मेडिकल स्टोर भी चलाते हैं। उन्होंने पहली बार राजनीति में कदम रखा और ग्राम प्रधानी का चुनाव जीत लिया। ग्राम पंचायत फरीदपुर मान में एक अन्य ग्राम सहसूवाला भी शामिल है। ग्राम पंचायत की कुल आबादी लगभग तीन हजार है तथा कुल वोट 2056 हैं।
पेयजल संकट सबसे पहले दूर होना चाहिए
ग्रामीण सोनू प्रजापति का कहना है कि गांव में कई हैंडपंप खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों के सामने स्वच्छ पेयजल का संकट है। इन हैंडपंपों को तुरंत ठीक कराया जाना चाहिए। शिवांक राणा का कहना है कि गांव में टंकी तो है, लेकिन पेयजल आपूर्ति सही से नहीं हो पाती। कई बार लाइट जाने पर दो दो दिन तक पानी नहीं आता, जिससे ग्रामीण परेशान रहते हैं। सचिन कश्यप का कहना है कि गांव में एक खेल के मैदान की आवश्यकता है, जिससे गांव के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिले। दीपक कुमार का कहना है कि गांव में एक अस्पताल का निर्माण भी होना चाहिए।
--------
प्रधान जी
नाम : सचिन कुमार
शिक्षा: बी फार्मा
काम: एक दवा कंपनी में नौकरी कर चुके हैं
राजनीतिक इतिहास: पहली बार चुनाव लड़ा और चुनाव भी जीत गए
---------------------
अपने गांव से जुड़े किसी मसले, सूचना आदि के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें या मेल करें।
व्हाट्सएप नंबर - 7017396520