घरों में ही अदा हुई जुमे की नमाज, फिर भी सड़कों पर रही भीड़
बिजनौर। शुक्रवार को भी जिले भर में मुस्लिमों ने जुमे की नमाज घर पर ही पढ़ी। मस्जिदों से केवल अजान हुई। फिर भी सड़कों पर भीड़ रही। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस ने फिर से वाहनों का चेकिंग अभियान चलाया।
शुक्रवार को भी मुख्य बाजार में व सिविल लाइन में रोज की तरह लोगों की भीड़ उमड़ी। बैंकों में भी रोज की तरह उपभोक्ताओं की लाइन लगी रही। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस सवेरे ही सड़कों पर उतर आई। पुलिस ने लोगों के वाहनों के चालान किए और खूब फटकार लगाई। पुलिसकर्मी बाजार में जगह जगह गश्त भी करते रहे। बाजार में ठेले लगाकर भीड़ इकट्ठा कर रहे सब्जी व फल बेचने वालों को पुलिस ने खदेड़ा।
शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा करते समय लॉकडाउन का पूरी तरह पालन हुआ। मस्जिदों में कमेटियों से जुड़े कुछ लोगों ने ही नमाज पढ़ी। बाकी लोगों ने घरों पर रहकर नमाज अदा की। दोपहर बाद सड़कें सुनसान नजर आईं। इक्का दुक्का लोग ही सड़कों पर आते जाते दिखे। एसडीएम बृजेश कुमार का कहना है कि लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा रहा है। बेवजह सड़क पर आने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।