किरतपुर। दुकानदार पर हमला करने और फायर झोंकने वाले हिस्ट्रीशीटर राजन और उसके साथी को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोच लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश राजन के पैर में गोली लगी है। जबकि मुठभेड़ में एक सिपाही सनीराज तोमर भी घायल हुआ है।
तीन दिन पहले गांव कुम्हैड़ा में बाइक सवार दो युवकों ने दुकानदार कपिल गुप्ताको तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए थे। भागते समय एक युवक का मोबाइल फोन मौके पर गिर गया था। कपिल गुप्ता की ओर से एक आरोपी बदमाश राजन पुत्र नरपाल निवासी शादीपुर जौना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात नहटौर रोड पर फ्लाईओवर के नीचे पुलिस और राजन और उसके साथी आकाश पुत्र संजय निवासी मसनपुर बसेड़ा में मुठभेड़ हुई। जिसमें राजन के बाएं पैर में गोली लगी। मुठभेड़ में किरतपुर थाने का सिपाही सनीराज भी घायल हो गया। राजन के साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार राजन पर 14 मुकदमे दर्ज है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, एक पिस्टल, कारतूस और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। राजन हिस्ट्रीशीटर है। पूछताछ में राजन ने बताया उसका दोस्त अगम उक्त दुकानदार की दुकान पर काम करता है। अगम को दुकानदार ने डांट दिया था, जिसका बदला लेने के लिए उसने यह कदम उठाया।