बिजनौर। मेरठ-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग का बिजनौर बाईपास अब 15 नवंबर तक चालू हो पाएगा। दरअसल मिक्सर प्लांट की खराबी को दूर नहीं किया जा सका है। प्लांट चालू होने के बाद 30 अक्तूबर तक बाईपास को वाहनों के लिए खोलने की योजना थी।
बिजनौर बैराज मार्ग और बिजनौर-नजीबाबाद मार्ग को जोड़ने के लिए आठ किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया गया है। इसका निर्माण मेरठ-कोटद्वार राजमार्ग को फोरलेन में तब्दील करने वाले परियोजना में शामिल था। यह बाईपास माउंट लिट्रा स्कूल से शुरू होकर नजीबाबाद मार्ग पर गांव पेदा के पास निकल रहा है। बाईपास निर्माण का काम 96 फीसदी हो चुका है। अब दो पुलों की अप्रोच रोड पर तारकोल की परत डाला जाना बाकी रह गया है।
दोनों ओर बनी है सर्विस रोड
माउंट लिट्रा स्कूल के पास से बाईपास पर अगर कोई आता है तो नजीबाबाद से पहले नीचे उतरने के लिए कोई कट नहीं दिया गया है। हालांकि बाईपास के दोनों ओर समानांतर सर्विस रोड बनी है। ताकि जिन रास्तों को बाईपास गुजर रहा, उनसे आने वाले सर्विस रोड का इस्तेमाल कर सकें।
शहर में घट जाएगा वाहनों का दबाव
बाईपास का निर्माण पूरा होने के साथ ही बिजनौर शहर को जाम से निजात मिल जाएगी। दिल्ली और मेरठ से पौड़ी जाने वाला यातायात शहर में घुसने के बजाय सीधे बाईपास से निकल जाया करेगा। साथ ही सफर की राह भी आसान होगी। इसके साथ ही मेरठ से नगीना या कोतवाली की ओर जाने वाला यातायात भी इस बाईपास से गुजरेगा।
वर्जन::
पहले 30 अक्तूबर तक बाईपास वाहनों के लिए खोलने की योजना थी। मगर प्लांट में फिर से खराबी आ चुकी है। इसके लिए अहमदाबाद से मशीन को मंगाया जा रहा है।
....आशीष शर्मा, एसडीओ एनएचएआई