- रामलीला मैदान और काजीपाड़ा में अब नहीं लगेगा बाजार
- स्थान परिवर्तन के लिए डीएम ने जारी किए दिशा निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बिजनौर शहर में रविवार और बुधवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार की अब जगह बदली जाएगी। रामलीला मैदान और काजीपाड़ा में लगने वाले इन बाजारों को कहीं और स्थानांतरित किया जाना है। जिसके लिए जमीन चिन्हित करने के निर्देश डीएम की ओर से जारी किए गए हैं।
डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने हवाला दिया कि उच्च न्यायालय इलाहाबाद एवं उच्चतम न्यायालय की ओर से समय-समय पर दी गई व्यवस्था के तहत और बाजार लगने से रोड जाम होने की स्थिति बनती है। जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बता दें कि रामलीला मैदान में रविवार को लगने वाले बाजार के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति बनती है। वहीं काजीपाड़ा में लगने वाले साप्ताहिक बाजार के चलते भी लोगों निकलना दूभर रहता है। जिसके चलते डीएम ने एसडीएम सदर और पालिका के अधिशासी अधिकारी को बाजार हटाने के निर्देश जारी किए हैं।
साथ ही पथ विक्रेता (जीविका संरक्षण और पथ विक्रय विनियमन) नियमावली में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप पंजीकृत फड़ विक्रेताओं और दुकानदारों की सूची तैयार की जाए। साथ ही उपयुक्त स्थान चिह्नित करते हुए दुकानदारों और फड़ वालों का बाजार वहां स्थापित कराया जाए। कहा कि चिह्नित स्थल पर साप्ताहिक बाजार को व्यवस्थित ढंग से लगवाते हुए पालिका की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं की व्यवस्था की जाए।