बिजनौर। अप्रशिक्षित चिकित्सक से पैसे लेने का वीडियो वायरल होने के बाद सीएमओ ने डॉ. प्रमोद देशवाल का स्थानांतरण कर दिया था। उन्हें अफजलगढ़ सीएचसी में मेडिकल ऑफिसर के पद पर तुरंत कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए थे लेकिन उन्होंने सीएमओ का आदेश भी नहीं माना और सीएचसी पर पदभार ग्रहण नहीं किया।
डॉ. प्रमोद देशवाल पिछले 17 सालों से वह बिजनौर में ही जमे हुए हैं। इसमें कहीं न कहीं विभागीय अधिकारियों मिलीभगत भी नजर आती है। वीडियो वायरल होने की जांच के लिए डीएम ने एडीएम प्रशासन और सीएमओ की संयुक्त टीम गठित की है। मगर, इस कार्रवाई पर खानापूर्ति के सवाल उठ रहे हैं। क्योंकि, पैसे लेने की वीडियो वायरल होने के ज्यादातर मामलों में निलंबन की कार्रवाई तक होती है। लेकिन डॉ. प्रमोद के मामले में अधिकारी हल्का रुख अपना रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने नवीन तैनाती स्थल पर ज्वाइन भी नहीं किया है।
सूत्रों की मानें तो चिकित्सक स्थानांतरण रुकवाने में लगे हुए हैं। उनके पक्ष में कुछ नेता भी आ गए हैं। यही वजह है कि डॉ. प्रमोद देशवाल नवीन तैनाती स्थल पर ज्वाइन करने में हीलाहवाली कर रहे हैं। अफजलगढ़ सीएचसी प्रभारी डॉ. सर्वेश निराला ने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।