पूर्व सांसद ने लगाई फटकार तो निकल आए छिपाकर रखे गए ऑक्सीजन सिलिंडर
नजीबाबाद (बिजनौर)। पूर्व सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह नजीबाबाद के ऑक्सीजन गैस एजेंसी पर पहुंच गए और उन्होंने गैस नहीं होने का दावा कर रहे एजेंसी के स्वामी को हड़काया तो उसने छिपाकर रखे गए ऑक्सीजन सिलिंडर लाकर दे दिए। जिन्हें पूर्व सांसद ने साहनपुर और अलीपुरा के जरूरतमंदों को दिला दिया। ऑक्सीजन सिलिंडर छिपाकर रखने की जानकारी पर एसडीएम ने एजेंसी स्वामी से जवाब तलब किया है।
नगर पंचायत साहनपुर निवासी पूर्व राज्य मंत्री एवं पूर्व सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह ने नगर पंचायत साहनपुर के चेयरमैन के साथ शुक्रवार रात करीब दस बजे नजीबाबाद स्थित हर्ष गोयल के ऑक्सीजन गैस प्रतिष्ठान पर पहुंच गए। हर्ष गोयल दो दिन से प्रतिष्ठान पर ऑक्सीजन गैस पूर्ण रूप से खत्म हो जाने की बात कहकर प्रशासन को गुमराह कर रहा था। सांसद ने फटकार लगाई तो उसने ऑक्सीजन के छह गैस सिलिंडर होने की बात स्वीकार की और उन्हें पूर्व सांसद के हवाले कर दिए। इनमें से चार सिलेंडर साहनपुर में जीवन-मौत से जूझ रहे मरीजों को और दो ऑक्सीजन गैस सिलेंडर सराय आलम क्षेत्र को उपलब्ध कराए गए।
पूर्व सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी एसडीएम परमानंद झा को अवगत कराया। एसडीएम ने सिलेंडर होने के बावजूद जरूरतमंदों को ऑक्सीजन गैस उपलब्ध न कराने और प्रशासन को गुमराह करने के संबंध में एजेंसी स्वामी से स्पष्टीकरण तलब किया है।