नगीना। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा करीब दो वर्ष पूर्व नगीना में रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनाए जाने की गई घोषणा आज भी धरातल पर साकार नहीं हुई है।
देश की संसद व प्रदेश की विधानसभा में नगीना का प्रतिनिधित्व होने के बावजूद नगीना के लोग वर्षों से नगीना- कोतवाली मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज की मांग करते आ रहे हैं। जम्मू-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर दिन में करीब 80 से 100 ट्रेन निकलती है। अब फाटक के बार-बार बंद होने से पूरे दिन घंटो-घंटो जाम रहता है।
नगीना से विधायक व सांसद बनने वाले जनप्रतिनिधियों से हर बार यहां की जनता रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज की मांग करती आ रही हैं, लेकिन यहां की जनता को अब तक आश्वासन के सिवाए कुछ हाथ नहीं लगा है। चार मार्च 2023 को नगीना में आए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओवर ब्रिज पास होने व अति शीघ्र काम चालू होने की बात कही थी, लेकिन अभी तक यहां ओवरब्रिज के नाम पर एक ईंट तक नहीं लग पाई।
रेलवे फाटक के काम के लिए एक ईंट भी धरातल पर लगती दिखाई नहीं दी तो स्थानीय लोगों को बेहद निराशा हाथ लगी है।
लाला राधेश्याम महिला महाविद्यालय के प्रबंधक राकेश अग्रवाल का कहना है कि उनका महाविद्यालय कोतवाली मार्ग पर स्थित है। रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज नहीं होने के चलते प्रतिदिन कॉलेज की हजारों छात्राओं को जाम की समस्या से जूझना पड़ता हैं।