स्योहारा। स्योहारा-नूरपुर रोड स्थित रेलवे फाटक संख्या 446बी पर प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया तेज होती नजर आ रही है। बुधवार को रेलवे विभाग के प्रतिनिधियों ने नगर पालिका पहुंचकर थाना रोड के दोनों ओर मौजूद अवरोधों को हटाने के लिए पालिका प्रशासन से स्थान खाली कराने का आग्रह किया। इस पर नगर पालिका ने करीब 34.64 लाख रुपये का एस्टीमेट रेलवे विभाग को सौंप दिया है।
नगर पालिका ईओ विजेंद्र सिंह पाल ने बताया कि रेलवे विभाग के दो प्रतिनिधि पालिका कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने ओवरब्रिज निर्माण के लिए पालिका की पाइपलाइन, सड़क, बिजली के खंभे, नाले, नालियां और अन्य सिविल कार्यों को हटाने की आवश्यकता बताई। इसके बाद पालिका द्वारा संबंधित कार्यों का 34.64 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार कर रेलवे विभाग को उपलब्ध करा दिया गया।
ईओ विजेंद्र सिंह पाल ने कहा कि जैसे ही रेलवे विभाग द्वारा उक्त धनराशि पालिका के खाते में जमा कराई जाएगी, वैसे ही अवरोध हटाने और तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न रहे।
गौरतलब है कि रेलवे फाटक 446बी पर ओवरब्रिज न होने के कारण लोगों को लंबे समय तक जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। कई बार वाहनों की लंबी कतारें लगने से घंटों तक आवागमन प्रभावित रहता है।
ओवरब्रिज निर्माण के लिए भूमि परीक्षण और कुओं को गलाने सहित प्रारंभिक कार्य पहले ही पूरे किए जा चुके हैं। चीनी मिल के गन्ना सीजन के चलते कुछ समय से निर्माण प्रक्रिया धीमी दिखाई दे रही थी, लेकिन अब दोबारा गतिविधियां तेज होने लगी हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि वर्ष 2027 तक ओवरब्रिज का निर्माण पूरा हो जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।ी