चांदपुर। विधायक स्वामी ओमवेश ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन देकर गंगा की बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए जहानाबाद से नारनौर तक तटबंध निर्माण कराने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के नाम दिए ज्ञापन में विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में मौजूद डुप्लीकेट वोट निरस्त करने की मांग की।
मुख्यमंत्री को दिए ज्ञापन में विधायक स्वामी ओमवेश ने कहा कि बरसात के मौसम में गंगा में आने वाली बाढ़ के कारण चांदपुर विधानसभा क्षेत्र के जहानाबाद, ढोलनपुर, फैजीपुर, सलेमपुर, सीकरी, बलिया नंगली, रायपुर, जमालदीपुर, दत्तियाना, स्याऊ, खद्दन आदि गांवों में किसानों की फसलें नष्ट हो जाती हैं। इसके अलावा जन-धन की भी भारी हानि होती है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष आने वाली इस प्राकृतिक आपदा से कई किसान और मजदूर परिवार आर्थिक रूप से बर्बाद हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि जहानाबाद से नारनौर तक प्रस्तावित तटबंध का सर्वे कार्य पूरा किया जा चुका है। इस संबंध में विधानसभा में भी कई बार मामला उठाया गया है।
दूसरे ज्ञापन में विधायक ने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को अवगत कराया कि विधानसभा क्षेत्र-23 चांदपुर की मतदाता सूची में एसआईआर के बाद भी डुप्लीकेट वोट मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से तैयार कराई गई सूची के अनुसार 4869 ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम, पिता या पति का नाम, आयु, बूथ संख्या अथवा मकान संख्या समान है। जांच कर डुप्लीकेट वोट निरस्त करने की मांग की है।
ज्ञापन देने में विधायक के साथ मोहसिन अंसारी, संसार चौधरी, नगर अध्यक्ष नाजिम खान, ओंकार सिंह, योगेश कुमार, लोकेश कुमार, मोहम्मद सादिक, यूनुस ताऊ, शेर आलम, रईस अहमद, सतेंद्र प्रधान, मोहम्मद इरशाद, चौधरी समरपाल सिंह, वीर सिंह प्रधान आदि मौजूद रहे।