पैजनिया (बिजनौर)। बदमाशों ने गांव शरीफपुर में मंगलवार रात धावा बोल दिया। लूटपाट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने स्वयं को पुलिस कर्मी बताकर कमरों के दरवाजे खुलवाए और लूटपाट की कोशिश की। नकदी जेवर नहीं मिलने पर गृह स्वामी और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। इसके बाद एक मकान और दो दुकानों में भी वारदात की। बदमाश यहां से करीब 13 हजार की नकदी व हजारों रुपये कीमत का सामान ले गए। विरोध करने पर मकान मालिक व उसके परिजनों के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। गांव में हुई पंचायत में ग्रामीणों ने रात्रि में स्वयं जागकर पहरा देने का निर्णय लिया है।
गांव शरीफपुर में मंगलवार रात्रि करीब 11 बजे बदमाश मावा व्यापारी सुरेंद्र सिंह सैनी के घर की दीवार फांदकर अंदर घुस गए। परिजन अपने -अपने कमरे बंद करके सोए हुए थे। ग्रामीणों के अनुसार बदमाशों ने कमरों के बंद दरवाजे खटखटा कर खुद को पुलिस वाला बताया और उनसे दरवाजे खुलवा लिए। इसके बाद परिवारों के लोगों को आतंकित कर घर में रखी नकदी व अन्य कीमती सामान की जानकारी मांगी, जानकारी नहीं देने पर उनके साथ मारपीट की। नकदी व कीमती सामान न मिलने पर चले गए। जाते समय बदमाशों ने गृह स्वामी व उसके परिजनों को कमरों में बंद कर दिया।
इसके बाद बदमाशों ने प्राइमरी विद्यालय के सामने स्थित रोहताश सिंह की मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर व परचून की दुकान में दरवाजे तोड़कर घुस गए और करीब दो हजार की नगदी, इनवर्टर, बैटरी, पांच मोबाइल फ़ोन व अन्य सामान ले गए। इसके बाद बदमाश गांव के धर्मेंद्र सैनी के घर की दीवार फांदकर घुस गए। परिजन अपने-अपने कमरों में सोए हुए थे। घर के आंगन में खूंटी पर टंगी धर्मेंद्र सैनी की जैकेट ले गए। गृह स्वामी के अनुसार उसकी जैकेट में दस हजार रुपये की नकदी रखी थी। सूचना पाकर पुलिस पहुंची बदमाशों की तलाश की। लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका।
एक ही रात में चोरी, लूटपाट की कोशिश और मारपीट की घटना से ग्रामीणों में दहशत है। बुधवार को गांव में हुई पंचायत में सुनील कुमार धर्मेंद्र सिंह ,रोहताश सिंह, सुरेंद्र सिंह, बबलू सिंह श्रवण कुमार, राजवीर सिंह भीष्म सिंह ,अजय कुमार आदि अनेक ग्रामीणों ने वारदात रोकने के लिए रात्रि में खुद जागकर पहरा देने का निर्णय लिया। ग्रामीण टोलियां बनाकर रात्रि में शिफ्ट के अनुसार पहरा देंगे। पैजनियां चौकी प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हल्दौर के गांव शरीफपुर मान में चोरों को घर पर नकदी व अन्य सामान न मिलने पर चोरो की पिटाई का शिकार प?- फोटो : BIJNOR